युवा महोत्सव में जीएनजी ने ओवर ऑल व डीएवी ने रनरअप ट्रॉफी जीती
यमुनानगर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सौजन्य से डीएवी गर्ल्स कॉलेज में आयोजित 49वें युवा महोत्सव में जीएनजी कॉलेज ने ओवरऑल ट्रॉफी जीती। जबकि डीएवी गर्ल्स कॉलेज रनरअप रहा। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अंकेश्वर प्रकाश विशिष्ट अतिथि रहें। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को ट्राफी व सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के कोषाध्यक्ष मोहित आर्य व सुदर्शन फाउंडेशन से संदीप बजाज ने विशेष अतिथि रहे। कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. नीता द्विवेदी ने कन्वीनर, गुरशरण कौर ने को-कन्वीनर, जबकि डॉ. रीटा सिंह, डॉ. मीनाक्षी और निशी ग्रोवर ने को-ऑर्डिनेटर की भूमिका निभाई।
राजेश सपरा ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवा महोत्सव के अंतिम दिन झंकार स्टेज पर वेस्टर्न आइटम की धूम रहीं। प्रतिभागियों ने वेस्टर्न वोकल सोलो, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल सोलो व ग्रुप सांग वेस्टर्न के जरिए पश्चिमी सभ्यता के गीत संगीत की झलक पेश की। ऑडिटोरियम में हरियाणवी स्किट के जरिए कई सामाजिक बुराइयां पर प्रहार किया। राजकीय कॉलेज छछरौली के प्रतिभागियों ने जहां बेटी बचाओ बेटी पढाओ के जरिए सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में बताया। वहीं डीएवी कॉलेज साढौरा की टीम ने यमराज की अदालत के जरिए सभी को खूब गुदगुदाया। जीएनजी कॉलेज ने हरियाणवी सांग विधा को बचाने पर जोर दिया। रिचुअल में में राजकीय कॉलेज रादौर की टीम ने सांझी के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस प्रकार रहे परिणामः
इंडियन आर्केस्ट्रा में जीएनजी कॉलेज ने पहला, डीएवी कॉलेज ने दूसरा तथा राजकीय महाविद्यालय छछरौली ने तीसरा स्थान अर्जित किया। फीमेल डांस सोलो में जीएनजी ने पहला, गुरु नानक खालसा कॉलेज ने दूसरा तथा राजकीय महाविद्यालय छछरौली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। हरियाणवी ग्रुप सांग में राजकीय महाविद्यालय छछरौली ने पहला, डीएवी कॉलेज ने दूसरा तथा जीएनजी कॉलेज ने तीसरा स्थान अर्जित किया। हरियाणवी आर्केस्ट्रा में महाराजा अग्रसेन कॉलेज ने पहला, डीएवी कॉलेज ने दूसरा स्थान अर्जित किया। हरियाणवी स्किट में जीएनजी कॉलेज ने पहला, डीएवी गर्ल्स कॉलेज साढौरा ने दूसरा स्थान अर्जित किया। वेस्टर्न वोकल सोलो में जीएनजी कॉलेज ने पहला, महाराजा अग्रसेन कॉलेज ने दूसरा स्थान अर्जित किया। रिचुअल में राजकीय महाविद्यालय छछरौली ने पहला, डीएवी कॉलेज साढौरा ने दूसरा स्थान अर्जित किया। सांग में जीएनजी कॉलेज ने पहला स्थान अर्जित किया। ग्रुप डांस में जीएनजी कॉलेज ने पहला स्थान अर्जित किया। वेस्टर्न ग्रुप सांग में महाराजा अग्रसेन कॉलेज ने पहला व जीएनजी ने दूसरा स्थान अर्जित किया। हिंदी भाषण कला में संत निश्चल सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वुमेन ने पहला व जीएनजी कॉलेज ने दूसरा स्थान अर्जित किया। अंग्रेजी भाषण कला में एमएलएन कॉलेज ने पहला व जीएनजी ने दूसरा स्थान अर्जित किया।
Ambala, Ambala | Oct 28, 2026