सुरक्षित बचपन, जागरूक विद्यार्थी: पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम
बाल सुरक्षा एवं संरक्षण कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल :- सुशील गुलाटी
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि: विद्यार्थियों को कानून के प्रति किया जागरूक :- सुश्री मोनिका
यमुनानगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय , गुंडियाना तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय , शादिपुर में पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
शादिपुर में आयोजित जागरूकता शिविर में बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री सुशील गुलाटी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराधों की रोकथाम तथा बाल अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार के प्रति सतर्क रहने और ऐसी स्थिति में बिना संकोच अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में गुंडियाना में आयोजित शिविर में बाल कल्याण समिति की सदस्य सुश्री मोनिका ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों की देखभाल, संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
शिविरों के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि बच्चों के साथ होने वाले शोषण, दुर्व्यवहार अथवा किसी भी प्रकार के अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में समय रहते संबंधित प्राधिकारी को सूचना देना आवश्यक है। साथ ही, बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में विद्यालय, अभिभावकों एवं समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
इन जागरूकता शिविरों का उद्देश्य बच्चों को कानून के प्रति जागरूक करना, बाल अपराधों की रोकथाम को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित एवं संरक्षणपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
शिविरों के सफल आयोजन में GSSS शादिपुर के प्राचार्य श्री रविंदर कुमार, GSSS गुंडियाना के कार्यवाहक प्राचार्य श्री सतीश सैनी तथा हिंदी प्रवक्ता श्री देशराज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग एवं समन्वय से विद्यार्थियों तक बाल संरक्षण कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पहुँचाने में सहायता मिली।
Ambala, Ambala | Oct 28, 2026