इरादे पक्के हों तो मंज़िल दूर नहीं - डा प्रेरणा गर्ग
जिला यमुना नगर की होनहार मगर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए एक वरदान स्वरूप संस्था एक प्रयास आपके साथ चेरिटेबल ट्रस्ट का पाँचवाँ वार्षिक सदस्य- छात्र सम्मेलन व वार्षिक लेखा -जोखा एस डी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी में भव्य व गरिमामयी तरीके से संपन्न हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि जे एम आई टी रादौर की सहायक प्रोफेसर डॉ प्रेरणा गर्ग रही। चेयर पर्सन डा (प्रो) जतिन्द्र कौर गणित पूर्वाध्यक्ष रही। गेस्ट ऑफ ऑनर व अन्य विशिष्ट अतिथियों में बाला जी इंटरप्राइसिस के मालिक डॉ यश पाल गुप्ता, सिंडिकेट बैंक के मैनेजर नंद लाल कालड़ा ,पी एन बी बैंक के चीफ मैनेजर मलकीत सिंह, एडवोकेट एवम् समाजसेवी डी सी बिंदल, स्कूल के प्रिंसिपल सतीश गर्ग, अर्थशास्त्र की सहायक प्रोफेसर रजनी गोयल ने अपनी उपस्थिति से उत्सव की शोभा बढ़ाई।
सबसे पहले गत वर्षों की तरह स्कूल प्रांगण में मुख्यातिथि के करकमलों द्वारा पौधारोपण किया गया ।संस्था के प्रधान आर एस शर्मा, शीश पाल चौहान,कुंदन कालड़ा सुशील गुलाटी, अच्छर सिंह, अनूप कोठियाल आदि ने मुख्य अतिथि डॉ प्रेरणा गर्ग व चेयर पर्सन डा (प्रो)जतिन्द्र कौर का फूलों के बुके देकर स्वागत किया। गेस्ट ऑफ ऑनर व विशिष्ट अतिथि डॉ यशपाल गुप्ता, नंद लाल कालड़ा,मलकीत सिंह, डी सी बिंदल, प्रिंसिपल सतीश गर्ग व रजनी गोयल का फूलों की माला पहना कर सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। महासचिव कुंदन लाल कालड़ा जी ने मुख्य अतिथि, चैयरपर्सन एवम् विशिष्ट अतिथियों की उपलब्धियों से सबको अवगत कराया ।लोकप्रिय शिक्षाविदों की उपस्थिति बच्चों के लिए बहुत प्रेरणास्रोत रही । सारा वातावरण केवल शिक्षामय साक्षात् सरस्वती केन्द्र बना हुआ था । संस्था के संस्थापक व चेयरमैन आर एस शर्मा ने 2025-26 वर्ष के कार्य , संस्था की कार्यविधि और बच्चों की उपलब्धियों को गिनवाया। सब सदस्यों एवम् दानी सज्जनों के प्रत्यक्ष - अप्रत्यक्ष सहयोग से संस्था अपने विजन पर बखूबी अग्रसर हो रही है ।उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि संस्था का संकल्प बच्चों को उच्च शिक्षा मुफ्त मुहैया कराकर एक संस्कारवान नागरिक बनाना है ।आज की युवापीढ़ी को नैतिकता की बहुत आवश्यकता है ।इस अवसर पर संस्था के होनहार छात्रों ने अपने विचार खुले मन से साँझा कर श्रोताओं को हैरत में डाल दिया इनमें उमा, अमनदीप , मोनी रानी ,अंकिता, आशीष, वैष्णवी, भूमिका, वर्षा व अंजली प्रमुख रहीं ।बच्चों के विचारों व शिक्षादान के पुनीत काम से खुश होकर इस मौके पर दो सदस्यों ने पच्चीस हजार और ग्यारह हजार रुपए संस्था को शिक्षण कार्य के लिए दान दिए ।सभी उपस्थित लोगों से संस्था के लिए सुझाव मांगे गए ताकि संस्था को और ऊँचाई तक लाया जा सके। संस्था के वित्त प्रबंधक अच्छर सिंह ने पूरे वर्ष का आय -व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि डॉ प्रेरणा गर्ग ने अपने संबोधन में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि इरादे मज़बूत हों तो मंज़िल मिलना सुनिश्चित है ।उन्होंने अपने अनुभव , दृष्टांतों एवम् संवाद के माध्यम से सबका दिल जीत लिया ।उन्होंने अपनी ओर से बच्चों की शिक्षा के लिए इक्कीस हजार रुपए संस्था को प्रदान किए और स्वयम् भी संस्था से जुड़ गए ।डा यशपाल गुप्ता ,विद्यालय प्रिंसिपल सतीश गर्ग ,चीफ मैनेजर मलकीत सिंह और प्रोफेसर रजनी गोयल ने अपने विविध विचारों से बच्चों को लक्ष्यसिद्धि के लिए सत्पथ पर चलने का आह्वान किया ।संस्था के वाइस चैयरमैन सुशील गुलाटी ने मनमोहक गीत सुना कर सारे माहौल को खुशनुमा बना दिया। अंग्रेजी के लोकप्रिय प्रवक्ता एवम् संरक्षक रिटायर्ड प्रिंसिपल शीश पाल चौहान ने भी अपने मधुर कंठ से गीत सुना कर सबको भाव विभोर कर दिया। चैयरपर्सन डा जतिन्द्र कौर ने अपने अध्यक्षीय भाषण में बच्चों को शिक्षा के महत्त्व से विस्तृत रूप में परिचित कराकर संस्था के विजन पर खरे उतरने का संदेश दिया ।मुख्य अतिथि , चेयर पर्सन और विशिष्ट अतिथियों को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया। सभी को संस्था की विवरणिका (ब्रोशर )भी वितरित की गई । अंत में संयोजक गोपाल शर्मा ने आए हुए अतिथियों , अभिभावकों , बच्चों और विशेष रूप से स्कूल के प्रिंसिपल सतीश गर्ग का दिल की गहराइयों से धन्यवाद किया गया ।अंत में सभी के लिए जल पान का प्रबंध संस्था की ओर से किया गया था।इस आयोजन में अनूप कोठियाल, शाम पाल शर्मा ,ओ पी सैनी , चरणजीत बत्तरा , नरेन्द्र गेरा ,गोपाल शर्मा , वीरेन्द्र शर्मा ,सतीश कौशिक ,खेम लाल सैनी ,के पी सैनी , सर्वोदय गोयल ,गुलशन शर्मा ,राम सेवक ,रजनीश पुरी , तरसेम लाल ,मथुरा दास,धर्मपाल सांगवान मधु बाला ,आशा गोयल सरोज बाला आदि सभी सदस्यों का प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ण सहयोग रहा ।
Ambala, Ambala | Oct 28, 2026