अमरकंटक में 22 वर्षीय अतुल की मौत का मामला, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
12 नवंबर। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में 22 वर्षीय अतुल साकेत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 44/26 के तहत धारा 194 बीएनएसएस में प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सामने आया है कि अतुल अपनी प्रेमिका को गुजरात के सूरत ले जाना चाहता था, जबकि युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। हालांकि, इस विवाद और युवक की मौत के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव कर रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे 22 वर्षीय युवक की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। अब पुलिस जांच के जरिए घटना से जुड़े घटनाक्रम और परिस्थितियों की वास्तविक तस्वीर सामने आने का इंतजार है।
#Amarkantak #AnuppurNews #BSP24News