
सीआईए स्टाफ होडल पुलिस ने लूटपाट और अवैध हथियार रखने के मामले में दूसरा आरोपी किया गिरफ्तार, भेजा जेल।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग आईपीएस के मार्गदर्शन में सीआईए स्टाफ होडल पुलिस ने थाना हसनपुर के अंतर्गत दर्ज लूटपाट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले में कार्रवाई करते हुए दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ कालिया निवासी मोहन नगर, पलवल के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी P/SI अमित कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 23 अगस्त 2025 को अरुण चौहान निवासी गांव जटोली, पलवल ने थाना हसनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह 22 अगस्त 2025 को अपनी ड्यूटी समाप्त कर पैदल अपने गांव लौट रहा था, तब बाला जी मंदिर के पास चार अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोपियों ने हथियार कट्टा के बल पर उसकी जेब से 1230 रुपये और एक मोबाइल फोन लूट लिया तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना हसनपुर में बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
मामले में सीआईए स्टाफ होडल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 03 सितंबर 2026 को आरोपी विक्रम निवासी मोहन नगर, पलवल को गिरफ्तार किया। आरोपी विक्रम से पूछताछ के आधार पर लूटा गया मोबाइल फोन की सिम कार्ड तथा वारदात में प्रयुक्त अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। इसके पश्चात विक्रम को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी ने बताया कि विवेचना के दौरान दूसरे आरोपी प्रदीप उर्फ कालिया उपरोक्त की संलिप्तता सामने आई। टीम ने थाना शहर में अवैध हथियार रखने के मामले में जेल में बंद आरोपी प्रदीप उर्फ कालिया को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से 10 सितंबर 2026 को हिरासत में लेकर एक दिन का पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जिससे सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा पहले ही उक्त मामले में बरामद किया जा चुका है।
पुलिस द्वारा सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी प्रदीप उर्फ कालिया को भी माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।