
जमुई में 8 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, एसपी ने जारी किया आदेश; कई थानों में नए अधिकारियों की तैनाती
सोनो, गिद्धौर, झाझा, सिकंदरा और चंद्रदीप थाना समेत अन्य स्थानों पर बदले गए पुलिस पदाधिकारी, तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश
जमुई। जिले की पुलिस व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने मंगलवार, 24 नवंबर को आठ पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में जिला आदेश जारी कर संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए स्थान पर पदस्थापित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सोनो थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार को चंद्रदीप थाना भेजा गया है। वहीं, पुलिस केंद्र जमुई में तैनात उमेश कुमार को गिद्धौर थाना और मनोज कुमार को झाझा थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह गिद्धौर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक मदन राम को एएचटीयू कार्यालय जमुई भेजा गया है। पुलिस केंद्र जमुई में तैनात सहायक अवर निरीक्षक नंदकिशोर पासवान को सिकंदरा थाना में पदस्थापित किया गया है।
इसके अलावा सिमुलतला थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक भिखारी कुमार ठाकुर को झाझा थाना, झाझा थाना में पदस्थापित भवेश कुमार सिंह को महिला थाना तथा झाझा थाना में ही तैनात सुधीर पासवान को सिमुलतला थाना भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित पदाधिकारियों को नव पदस्थापित थाना एवं कार्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही उनके योगदान और अनुपालन प्रतिवेदन से संबंधित वरीय अधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया है।
Jamui, Jamui | Nov 24, 2026