
विदेश मंत्री एस. जयशंकर शुक्रवार को अजरबैजान की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं। उन्होंने अजरबैजान के विदेश मंत्री जेयहुन बायरामोव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अजरबैजान-भारत संबंधों को बेहतर करने के एजेंडे पर चर्चा की है। बैठक के बाद जयशंकर ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि व्यापार, निवेश, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन, शिक्षा, विज्ञान और सांस्कृतिक सहयोग जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई है।
जयशंकर ने कहा कि अजरबैजान के विदेश मंत्री जेयहुन बायरामोव के साथ सार्थक चर्चा हुई। हमारी बातचीत ने हमारे संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा तय की है। हम राजनीतिक परामर्श को गहरा करने, एक-दूसरे के यहां यात्राओं का आदान-प्रदान करने, आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने, कनेक्टिविटी विकसित करने और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं।
कई अहम मुद्दों पर चर्चा
अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बैठक में विदेश मंत्री जयशंकर और बायरामोव ने अजरबैजान के ईस्ट-वेस्ट और नॉर्थ-साउथ परिवहन गलियारों, बाकू-तिबिलिसी-कार्स रेलवे, बाकू बंदरगाह, अलाट फ्री इकोनॉमिक जोन और अन्य औद्योगिक केंद्रों से मिलने वाले अवसरों पर चर्चा की। दोनों मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र (UN), शंघाई सहयोग संगठन (SCO) और कॉन्फ्रेंस ऑन इंटरैक्शन एंड कॉन्फिडेंस बिल्डिंग मेजर्स इन एशिया (CICA) के माध्यम से होने वाले बहुपक्षीय सहयोग पर भी चर्चा की।
बैठक के दौरान अजरबैजान की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे परिवहन और लॉजिस्टिक्स अवसरों पर जोर दिया गया। बायरामोव ने जयशंकर को दक्षिण काकेशस क्षेत्र की स्थिति, अजरबैजान-आर्मेनिया संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया और दोनों देशों के बीच विश्वास बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में दोनों मंत्रियों ने आपसी हितों से जुड़े अन्य द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।
अलीयेव से भी मिले जयशंकर
जयशंकर ने अजरबैजान की राजधानी बाकू में राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि बाकू में अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात करके खुशी हुई।
जयशंकर ने बताया कि उन्होंने अजरबैजानी प्रेसिडेंट को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुभकामनाएं पहुंचाईं। हमने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। इस साझा प्रयास के प्रति उनके सकारात्मक रुख की सराहना करता हूं। #IndiaAzerbaijan #Diplomacy #InternationalRelations #EconomicCooperation #Jaishankar #Connectivity #CulturalExchange
Chapra, Saran | Oct 23, 2026