
दो साल से पांगी में स्कूल टूर्नामेंट बंद, खेल कैलेंडर से भी बाहर हुआ पांगी
चंबा जिले में अंडर-14 और अंडर-19 प्रतियोगिताएं जारी, पांगी के विद्यार्थियों को खेलों में अवसर न मिलने पर उठे सवाल
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा पांगी 03 सितम्बर
जनजातीय क्षेत्र पांगी में पिछले करीब दो वर्षों से स्कूली खेल प्रतियोगिताएं आयोजित न होने का मामला अब सामने आया है। चंबा जिले के अन्य क्षेत्रों में जहां अंडर-14 और अंडर-19 स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, वहीं पांगी क्षेत्र के विद्यार्थियों को खेलों में हिस्सा लेने का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
पीएम श्री यूटी जीएसएसएस किल्लर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जन्म सिंह राणा ने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांगी के विद्यार्थियों को भी अन्य क्षेत्रों के बच्चों की तरह खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा दिखाने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि पांगी में बंद पड़ी स्कूली खेल प्रतियोगिताओं को जल्द बहाल किया जाए और क्षेत्र को जिला स्तर के खेल कैलेंडर में उचित स्थान दिया जाए।
जन्म सिंह राणा ने सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्यों से भी अपील की है कि आगामी मासिक बैठकों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि विद्यार्थियों के खेल हितों को लेकर सामूहिक रूप से आवाज उठाई जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो पांगी क्षेत्र की विद्यालय प्रबंधन समितियों की ओर से रेजिडेंट कमिश्नर के माध्यम से प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इस मामले को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सवाल यह है—
जब जिले के अन्य क्षेत्रों में स्कूली खेल प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित हो रही हैं, तो पांगी के विद्यार्थियों को खेलों के समान अवसर से वंचित क्यों रखा जा रहा है? अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले पर क्या कदम उठाता है।
Chamba, Chamba | Sep 3, 2026