
पक्की नौकरी व 42000 रुपए न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर आशा वर्कर्स करेगी 1 दिसंबर को दिल्ली कूच
1 से 3 दिसंबर की देशव्यापी हड़ताल और दिल्ली रैली के लिए सीएमओ भिवानी के मार्फत मिशन निदेशक को भेजा नोटिस
भिवानी, 16 नवंबर : आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा (रजि. 1919, संबंधित सीटू) के आह्वान पर आज भिवानी की वर्कर्स ने हड़ताल का नोटिस सीएमओ भिवानी के मार्फत मिशन निदेशक को भेजा। आशा वर्कर्स 1 से 3 दिसंबर 2026 को हड़ताल पर रहकर दिल्ली में आयोजित होने वाली देशव्यापी रैली में शामिल होंगी।
आशा वर्कर्स एंड फैसिलिटेटर फेडरेशन ऑफ इंडिया (एडब्ल्यूएफएफआई) और सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) के संयुक्त आह्वान पर आयोजित होने वाले इस आंदोलन के माध्यम से यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया है। जिला संयोजक सुशीला ने बताया कि केंद्र सरकार की वादाखिलाफी और अनदेखी के कारण आशा वर्कर्स में भारी रोष है, जिसके चलते जिले भर की आशा वर्कर्स इस हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेंगी। यूनियन की प्रमुख मांगें:45वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशें: आशा वर्कर्स को पक्का 'वर्कर्स' का दर्जा दिया जाए, कम से कम 42,000 रुपये प्रतिमाह न्यूनतम वेतन निर्धारित हो, तथा 21,000 रुपये पेंशन सहित सभी सामाजिक सुरक्षा लाभ प्रदान किए जाएं। घोषित बढ़ोतरी लागू हो: केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2025 में घोषित की गई 1,500 रुपये की बढ़ोतरी को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। ऑनलाइन काम पर रोक: जब तक उचित मानदेय और संसाधन नहीं दिए जाते, तब तक सभी प्रकार के ऑनलाइन काम तुरंत बंद किए जाएं। लेबर कोड्स और निजीकरण का विरोध: चारों नए लेबर कोड्स को वापस लिया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण पर तत्काल रोक लगाई जाए। यूनियन नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते इन जायज मांगों का समाधान नहीं किया, तो 1 से 3 दिसंबर तक स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित रहेंगी और दिल्ली की रैली में ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज की जाएगी। इस मौके पर कविता, बाला, सुमन, बनिता, सरला आदि मौजूद रहीं।
जारीकर्ता:- सुशीला जिला संयोजक,
आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा, भिवानी।