महिला खेलकूद प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाया दम
लोहारू में खंड स्तरीय ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
लोहारू, 17 नवंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग के आदेशानुसार और सीडीपीओ रेखा श्योकंद के निर्देशन में मंगलवार को स्थानीय चौधरी देवीलाल स्टेडियम के खेल परिसर में खंड स्तरीय ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की अनेक ग्रामीण महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपना दमखम दिखाया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) मंजू राणा तथा सीडीपीओ रेखा श्योकंद ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
महिलाएं हर क्षेत्र में अव्वल: डीपीओ मंजू राणा
उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए डीपीओ मंजू राणा ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सुबह से शाम तक घर की जिम्मेदारियां संभालने के बावजूद महिलाएं घर से बाहर भी हर कार्य में अव्वल साबित हो रही हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं के जोश की सराहना की और विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं के उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जज्बे के दम पर अव्वल स्थान हासिल कर सभी को प्रेरित किया है।
बॉक्स
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
•
साइकिल दौड़: गोठड़ा निवासी पवन ने सबसे तेज साइकिल चलाकर प्रथम स्थान हासिल किया। गोठड़ा की ही अनु द्वितीय और ढाणी श्यामा निवासी वर्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
• म्यूजिकल चेयर: खरकड़ी निवासी सुशीला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। झांझड़ा निवासी शशि द्वितीय रहीं, जबकि लोहारू निवासी कविता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
• 400 मीटर दौड़ (18 से 30 आयुवर्ग): गोठड़ा निवासी प्रियंका प्रथम रहीं। गोठड़ा की ही आशा ने द्वितीय तथा बशीरवास निवासी निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
• डिस्कस थ्रो: फरटिया भीमा निवासी पूनम ने प्रथम स्थान अपने नाम किया। ढाणी राठी निवासी सुमन द्वितीय और लोहारू निवासी ममता तृतीय स्थान पर रहीं।
• 300 मीटर दौड़: गोठड़ा निवासी निशा ने प्रथम, गागडवास निवासी खुशबू ने द्वितीय और बशीरवास निवासी प्रिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेताओं को मिलेगी नकद पुरस्कार राशि
विभाग की ओर से सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली प्रतिभागी को 1100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 750 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग का समस्त स्टाफ, आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर भी मौजूद रहीं।