
दूरस्थ भक्तों के लिए "ई-आराधना" सुविधा बनी वरदान
---
तेलंगाना के श्रद्धालु हनुमंत राव ने घर बैठे किया अभिषेक
---
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर आकर जलाभिषेक करना हर श्रद्धालु चाहता है। लेकिन व्यावसायिक और पारिवारिक व्यस्तताओं के कारण जो श्रद्धालु ओंकारेश्वर आकर भगवान का जलाभिषेक नहीं कर पाते, उनके लिए ओंकारेश्वर मंदिर प्रशासन की वेबसाइट पर दी गई ‘‘ई-आराधना‘‘ की सुविधा वरदान साबित हो रही है।
तेलंगाना राज्य के श्री हनुमंत राव ने बताया कि जब उन्हें श्री ओंकारेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर ‘‘ई-आराधना‘‘ सुविधा का विकल्प दिखा तो सोचा, क्यों ना घर बैठे ही जलाभिषेक किया जाए। वेबसाइट के माध्यम से जलाभिषेक की बुकिंग करने के बाद मंदिर प्रशासन की तरफ से तकनीकी जानकारी भेजी गई, कि किस तरह से पूजा व जलाभिषेक में शामिल होना है। उन्होंने बताया कि पहले से निर्धारित किए गए टाइम स्लॉट पर अच्छी तरह से पूजा संपन्न हुई, और स्पीड पोस्ट से घर बैठे भगवान ओंकारेश्वर का प्रसाद भी प्राप्त हो गया।
श्री हनुमंत राव ने सोमवार को ऑनलाइन जलाभिषेक करने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि घर बैठे भगवान श्री ओंकारेश्वर के अभिषेक-पूजन से जुड़ना उनके लिए बहुत अद्भुत और आनंददायक रहा।
उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर प्रशासन की इस सुविधा से पूर्णतः संतुष्ट और प्रसन्न हूं। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे अन्य श्रद्धालुओं से भी ओंकारेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर दी गई ‘‘ई-आराधना‘‘ सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Culture, Madhya Pradesh
#omkareshwer
#khandwa