
शिविर में बेटी के जन्म पर मनाई खुशियां, लाडो प्रोत्साहन योजना की पहली किश्त का दिया लाभ
ग्राम पंचायत अर्जुनसर स्टेशन में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान श्रीमती निशा पत्नी संदीप (सांसी) को लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ प्रदान किया गया।
योजना के अंतर्गत नवजात बालिका का पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण की गई तथा परिवार को योजना की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर बालिका के जन्म पर मिलने वाले प्रोत्साहन एवं भविष्य में शिक्षा से जुड़े विभिन्न चरणों पर उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।
श्रीमती निशा ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर में योजना का लाभ सहज एवं त्वरित रूप से प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
तहसीलदार श्री विनोद पूनिया ने बताया कि इस दौरान निशा को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का हस्ताक्षर युक्त संकल्प पत्र प्रदान किया गया तथा योजना की प्रथम किश्त के रूप में ढाई हजार रुपए उसके बैंक खाते में हस्तांतरित करवाई। उल्लखेनीय है कि योजना के तहत बिटिया को विभिन्न चरणों में डेढ़ लाख हुए प्रदान किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की यह पहल बालिका शिक्षा, सशक्तिकरण एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है।