
खेत में पानी बहाने के विवाद में हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार, गढ़ाकोटा पुलिस ने हथियार किया बरामद
पाण्डेर गांव में लोहे के पाइप और डंडे से मारपीट कर मानकलाल रैकवार की हुई थी मौत, दूसरा आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है
गढ़ाकोटा। थाना गढ़ाकोटा क्षेत्र के ग्राम पाण्डेर में खेत में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट कर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गढ़ाकोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को ग्राम पाण्डेर निवासी ऊधम सिंह पिता मानकलाल रैकवार, उम्र 35 वर्ष, ने थाना गढ़ाकोटा में सूचना दी थी कि खेत में पानी बहाने को लेकर उसके पिता मानकलाल रैकवार का उनके चाचा कन्हई उर्फ मंझले रैकवार और भतीजे रमेश रैकवार से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने लोहे के पाइप एवं डंडे से मानकलाल रैकवार के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 634/26, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एक आरोपी पहले ही हो चुका था गिरफ्तार
हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश रैकवार को 28 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं घटना के बाद से दूसरा आरोपी कन्हई उर्फ मंझले रैकवार फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 10 सितंबर 2026 को ग्राम पाण्डेर से कन्हई उर्फ मंझले पिता जुग्गे रैकवार, उम्र 47 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।
न्यायालय ने भेजा जेल
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने की कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़ाकोटा निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उपनिरीक्षक राजाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक 1158 प्रमोद सोयाम, आरक्षक 1722 रवि पटैल एवं आरक्षक 1514 सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Sagar, Sagar | Sep 10, 2026