
HTET सूचना...एचटेट के अभ्यर्थियों को अब मिलेंगी दो ओएमआर शीट....परीक्षा के तुरंत बाद एक शीट घर ले जा सकेंगे अभ्यर्थी, नोटा का पांचवां विकल्प जोड़ने पर भी मंथन
*हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) में अब अभ्यर्थियों को दो ओएमआर शीट मिलेंगी। इनमें से एक ओएमआर शीट परीक्षा के तुरंत बाद अभ्यर्थी अपने साथ घर ले जा सकेंगे। एचटेट के प्रश्नों में चार विकल्पों के साथ पांचवां विकल्प नोटा जोड़ने पर भी बोर्ड मंथन कर रहा है।*
*हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (बीएसईएच) की ओर से एचटेट 2026 परीक्षा 21 और 22 नवंबर को आयोजित कराने की तैयारी कर रहा है। यह परीक्षा लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) और लेवल-3 (पीजीटी) के लिए होगी। नवंबर की एचटेट में अभ्यर्थियों को दो ओएमआर शीट उपलब्ध कराने की तैयारी है.। इसके तहत एक ओएमआर शीट की कॉपी के नीचे दूसरी कार्बन कॉपी होगी। पहली ओएमआर शीट पर विकल्पों के गोले भरने पर नीचे मौजूद कार्बन कॉपी में भी संबंधित कॉलम स्वतः भर जाएंगे।*
*हालांकि 20 प्रश्न खाली छोड़ने वाला अभ्यर्थी नोट क्वालिफाई ही रहेगा। यह नियम बोर्ड में पहले से लागू है। दो ओएमआर शीट का फायदा यह होगा कि अभ्यर्थी परीक्षा के तुरंत बाद एक ओएमआर शीट अपने साथ घर ले जा सकेंगे। इससे वह भरे गए विकल्पों के आधार पर प्रश्नों के उत्तर का मिलान कर तत्काल अपना आकलन कर सकेंगे। किसी प्रश्न में गलत विकल्प होने पर वह तुरंत अपनी आपत्ति भी दर्ज कर सकेगा।*
*अब तक एचटेट में केवल एक ओएमआर शीट का प्रयोग होता आ रहा है। बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित 100 रुपये का शुल्क जमा कराने पर ही यह शीट उपलब्ध कराता है।*
*मतदान के बाद अब एचटेट में भी होगा नोटा का विकल्प*
*अब तक भारतीय निर्वाचन आयोग की मतदान प्रक्रिया में ही नोटा (उपरोक्त में से कोई नहीं) का प्रयोग होता आया है। अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ओएमआर शीट में प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्पों के साथ पांचवां विकल्प नोटा जोड़ने जा रहा है। अगर किसी अभ्यर्थी को लगे कि प्रश्न में दिए गए चारों विकल्प गलत हैं तो वह नोटा चुन सकता है। इसके सही होने पर अंक भी मिलेंगे। यानी प्रश्न के गलत विकल्पों पर भी पूरी तरह विराम लग जाएगा।*
*एचटेट की आपत्तियों पर फिर ली जा रही है विशेषज्ञों की राय*
*जुलाई में हुए एचटेट के परिणाम घोषित हो चुके हैं, लेकिन अब भी अभ्यर्थी परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में बोर्ड मुख्यालय के पास काफी आपत्तियां पहुंचीं और ऑनलाइन दर्ज कराई जा रही हैं। इन पर बोर्ड ने विशेषज्ञ कमेटी से राय लेने का निर्णय लिया है। इन आपत्तियों का वाजिब तरीके से निपटान भी किया जाएगा*
*अगला एचटेट 21 और 22 नवंबर को संभावित है। इस परीक्षा में व्यापक स्तर पर बदलाव करने जा रहे हैं। अब अभ्यर्थियों को दो ओएमआर शीट मिलेंगी। प्रत्येक प्रश्न में नोटा का पांचवां विकल्प जोड़ने का विचार है। इसे अगर चारों विकल्प गलत साबित होते हैं तो नोटा के तहत अंक का लाभ भी मिलेगा।*
— *शंकरलाल धूपड़, अध्यक्ष हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी*
*बायोमीट्रिक सत्यापन का दूसरा मौका 30 व 31 को मुख्यालय में होगा*
*हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के बायोमीट्रिक सत्यापन से वंचित अभ्यर्थियों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दूसरा मौका दिया है। अब ऐसे अभ्यर्थी 30 और 31 अगस्त को बोर्ड मुख्यालय भिवानी में अपना बायोमीट्रिक सत्यापन करा सकेंगे। इसके लिए बोर्ड मुख्यालय में विशेष सत्यापन केंद्र स्थापित किया गया है।*
*हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक जांगड़ा करन ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थापित सत्यापन केंद्रों पर अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन कराया गया था। जो अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में बायोमीट्रिक सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो सके, उनके परीक्षा परिणाम में आरएलडी (परिणाम बाद में सत्यापन) दर्शाया गया है।*
*ऐसे अभ्यर्थियों को 30 और 31 अगस्त को दूसरा अवसर दिया जा रहा है। अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी इसी केंद्र पर पहुंचकर अपना बायोमीट्रिक सत्यापन करा सकेंगे।*