
उर्वरक विक्रय में अनियमितता मिलने पर कृषि विभाग की कार्रवाई, विक्रेता का अनुज्ञापत्र निलंबित
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। जिले में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यूरिया की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. शंकर लाल जाट एवं सहायक निदेशक कृषि (मुख्यालय) मुकेश कुमार धाकड़ ने सेंती स्थित मैसर्स दीर्घ इंटरप्राइजेज के विक्रय परिसर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एक ही दिन में अत्यधिक मात्रा में उर्वरक विक्रय, रिकॉर्ड अपूर्ण पाए जाने तथा पॉश मशीन में दर्ज स्टॉक एवं वास्तविक स्टॉक में अंतर मिलने पर संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही संयुक्त निदेशक कृषि द्वारा मैसर्स दीर्घ इंटरप्राइजेज, सेंती, चित्तौड़गढ़ का उर्वरक अनुज्ञापत्र संख्या 11848 तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
कृषि विभाग ने जिले के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को नियमानुसार पॉश मशीन के माध्यम से ही उर्वरक विक्रय करने तथा प्रतिष्ठान पर सभी आवश्यक दस्तावेज संधारित रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं किसानों से अपील की गई है कि जिनकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे शीघ्र रजिस्ट्री करवाएं। किसी भी समस्या के लिए स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक कार्यालय से संपर्क करें तथा उर्वरकों का अनावश्यक अग्रिम भंडारण नहीं करें।
विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में यूरिया सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।