
*स्व. फतेह चंद विज की स्मृति में विधायक प्रमोद विज की अनूठी पहल, अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की उच्च शिक्षा का 20 हजार रूपए तक का खर्च उठाएंगे*
पानीपत :-पानीपत से भाजपा के विधायक प्रमोद विज ने अपने स्वर्गीय पिता, भाजपा के पांच बार विधायक रहे स्व. फतेह चंद विज की स्मृति में एक अनूठी और प्रेरणास्पद पहल की शुरुआत की है। विधायक प्रमोद विज ने शहर के नागरिकों से भावुक अपील की है कि वे समाज की ऐसी जरूरतमंद बचाव को आगे लाएं, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है और जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं।
विधायक ने घोषणा की है कि ऐसी सभी बच्चों की उच्च शिक्षा और पठन-पाठन का संपूर्ण खर्च वे खुद उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया है कि ऐसी बच्चों को उनके कार्यालय या आवास तक पहुंचाया जाए, ताकि उनके भविष्य को संवारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तुरंत कदम उठाए जा सकें।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को मिल रही मजबूती
इस अवसर पर विधायक प्रमोद विज ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक विजन को भी याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में ऐतिहासिक नगरी पानीपत की पावन धरा से ही 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का राष्ट्रीय नारा दिया था, जिसके बाद पूरे देश में एक जनसांस्कृतिक आंदोलन की शुरुआत हुई थी। पानीपत से शुरू हुए इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए और जिले के लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
विधायक प्रमोद विज की इस नई पहल से पानीपत के सामाजिक और राजनीतिक हलकों में उनकी सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि महापुरुषों और अपने परिजनों को श्रद्धांजलि देने का यह सबसे बेहतरीन तरीका है, जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में उजियारा लेकर आएगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सांझा की जानकारी:- विधायक प्रमोद विज ने शुक्रवार की सुबह अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम एवं फेसबुक अकाउंट के माध्यम से जानकारी साझा की एवं लोगों से अपील की। वीडियो पोस्ट होते ही हजारों की संख्या में लोगों ने विधायक के कार्य को सराहा एवं वीडियो खूब वायरल हुई।