श्री खाटू श्याम मंदिर में धूमधाम से मनाई रमा एकादशी
एकादशी पर भगवान विष्णु और लक्ष्मी की पूजा करने से पूर्ण होती है सभी मनोकामनाएं
करनाल : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में गुरुवार को रमा एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी रही। एकादशी के उपलक्ष्य में विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। संध्या आरती के समय पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को रमा एकादशी का महत्व भी बताया गया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पंडित दीपक पांडे ने बताया कि कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की एकादशी को रमा एकादशी आती है। एकादशी भगवान श्री विष्णु को अति प्रिय है। इस दिन भगवान विष्णु और लक्ष्मी की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। वहीं श्री खाटू श्याम मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने कहा कि कार्तिक मास का हर दिन उत्सव की तरह होता है। कार्तिक माह में विभिन्न त्योहार आते है। करनाल सहित दूर-दराज से श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं। मंदिर में हवन यज्ञ चल रहा है, जो पूरा कार्तिक मास चलेगा। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक ने देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला व हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।