
*वृक्षारोपण अभियान — हरियाली की ओर एक सार्थक कदम*
इनर व्हील क्लब जींद यूनाइटेड द्वारा बच्चों में पेड़ों के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अल्पाइन डे बोर्डिंग स्कूल, जींद में एक प्रेरणादायक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर क्लब प्रेसिडेंट मंजू मानव विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पेड़ों की हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, बढ़ते प्रदूषण को कम करने और धरती को हरा-भरा एवं स्वस्थ बनाने में भी अहम योगदान देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की नींव है। पर्यावरण संरक्षण केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य भी है।
विद्यालय की प्रिंसिपल नैन्सी बत्रा ने इनर व्हील क्लब जींद यूनाइटेड के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और विद्यार्थियों को वृक्षों एवं पर्यावरण की देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है।
वृक्षारोपण गतिविधि में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।सभी ने पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल करने और अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संकल्प लिया।
इनर व्हील क्लब जींद यूनाइटेड का यह प्रयास “हरियाली बढ़ाएं, पर्यावरण बचाएं और भविष्य संवारें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सुंदर एवं सार्थक कदम रहा। इस अवसर पर जींद यूनाइटेड क्लब से नीना गेरा, रेनू जैन, नैंसी बत्रा, अंजना रेढू, कविता आहूजा, सुमन बत्रा, हिमानी गुप्ता एवं मीरा अरोड़ा उपस्थित रहीं।
Haryana, India | Aug 22, 2026