
सुवाणा के तीन ब्लैक स्पॉट बन रहे मौत का कारण, स्पीड ब्रेकर की मांग तेज
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
शहर के उपनगर सुवाण में तीन प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थल (ब्लैक स्पॉट) राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गए हैं। स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा उपायों के अभाव में इन स्थानों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय तिवाड़ी ने बताया कि सदर थाने के आगे बड़ के पेड़ के पास स्थित अंधा मोड़, सुवाणा बस स्टैंड-पंचायत समिति चौराहा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर का क्षेत्र सबसे अधिक दुर्घटना प्रभावित बन चुका है। इन स्थानों पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बस स्टैंड और पंचायत समिति के सामने दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है, जबकि अस्पताल के बाहर मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में जान जोखिम में डालनी पड़ती है। इसके बावजूद अब तक न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से तीनों ब्लैक स्पॉट पर तत्काल स्पीड ब्रेकर एवं सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।