
झांसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग पर गड्ढों का राज, बीच सड़क पर भैंसों ने बनाया 'स्विमिंगपूल'
मानिकपुर (चित्रकूट), 21 जून 2026:
चित्रकूट जनपद के विकासखंड मानिकपुर के अंतर्गत सरैया से हनुवा, कौबरा, गढ़चपा और रामपुर बांधी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग आज बदहाली के आंसू रो रहा है।
गड्ढा मुक्ति का दावा करने वाली सरकार के दावों की हवा निकालते हुए इस मुख्य सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो चुके हैं।
हालात इस कदर बदतर हैं कि सड़क के बीचों-बीच पानी भरे गड्ढों में भैंसें लोटती हुई नजर आ रही हैं, जो राहगीरों के लिए बड़े हादसों का सबब बन चुकी हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि यह कोई आम ग्रामीण सड़क नहीं है, बल्कि यह मार्ग झांसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे को सीधे जोड़ता है।
इस वजह से दिन-रात यहाँ से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है।
सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर चुटैल हो रहे हैं, और भारी वाहन अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार बन रहे हैं।
क्षेत्रीय जनता ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिम्मेदार सरकारी कर्मचारियों पर गहरी नींद में सोने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारें कागजों पर सड़कें गड्ढा-मुक्त कर देती हैं, लेकिन धरातल पर पीडब्ल्यूडी के भ्रष्ट रवैये के कारण मुख्य मार्ग तालाब में तब्दील हो चुके हैं।
क्षेत्र की जनता ने जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस अति-महत्वपूर्ण मार्ग का तुरंत चौड़ीकरण और मरम्मत कराई जाए, अन्यथा क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर उग्र चक्काजाम आंदोलन करने को मजबूर होगी।