
सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत असहनी गांव निवासी उमाशंकर साह के पुत्र मनोरंजन कुमार साह ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 150वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) पद के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से पूरे सारण जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
मनोरंजन कुमार साह ने यह सफलता अपने प्रथम प्रयास में हासिल की है। खास बात यह है कि उन्होंने किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया और पूरी तैयारी सेल्फ स्टडी के माध्यम से की। उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
मनोरंजन के पिता उमाशंकर साह उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग में पर्यवेक्षक पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुमन देवी गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई सलटू एसएससी सीजीएल की तैयारी कर रहे हैं, वहीं छोटी बहन अंजली एमएससी (भौतिकी) की पढ़ाई पूरी कर शिक्षक बनने की तैयारी में जुटी हैं।
मनोरंजन की प्रारंभिक शिक्षा उत्तर प्रदेश में हुई। उन्होंने वर्ष 2011 में जवाहर नवोदय विद्यालय से मैट्रिक तथा वर्ष 2013 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने कानपुर स्थित हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (HBTU) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।
परिजनों के अनुसार मनोरंजन बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। पढ़ाई के प्रति उनकी गंभीरता और लक्ष्य के प्रति समर्पण हमेशा से उन्हें अन्य छात्रों से अलग पहचान दिलाता रहा है। उनकी सफलता पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
Siwan, Siwan | Jun 21, 2026