
पसान नपा की सियासत में बड़ा उलटफेर, अविश्वास प्रस्ताव से गई उपाध्यक्ष अजय यादव की कुर्सी!
भालूमाड़ा मंगल भवन विवाद से शुरू हुई सियासी जंग का निकला नतीजा, 14 पार्षदों ने जताया अविश्वास, समर्थन में मिले महज 3 वोट।
अनूपपुर जिले की नगर पालिका परिषद पसान में उपाध्यक्ष अजय ताराचंद यादव को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। 11 नवंबर को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में 14 पार्षदों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि उपाध्यक्ष के समर्थन में केवल 3 वोट पड़े।
दरअसल, भालूमाड़ा में लगभग 1.92 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मंगल भवन को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे अध्यक्ष राम अवध सिंह और उपाध्यक्ष के बीच राजनीतिक टकराव में बदल गया था। अध्यक्ष सहित 16 पार्षदों ने उपाध्यक्ष के खिलाफ कलेक्टर को पत्र सौंपकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी।
मतदान के नतीजों ने नगर पालिका के राजनीतिक समीकरणों की तस्वीर साफ कर दी। अध्यक्ष राम अवध सिंह ने इसे विकास कार्यों और जनता की अपेक्षाओं की जीत बताया। वहीं इस घटनाक्रम के बाद पसान की राजनीति में आगे क्या नया मोड़ आएगा, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।
#Pasan #Bhalumada #Anuppur #Kotma #BSP24News