
सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को दिया बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण
दो दिवसीय वर्कशॉप में भिवानी व बवानीखेड़ा खंड के शिक्षकों ने लिया भाग, विशेषज्ञों ने बाल अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की दी जानकारी
भिवानी 16 नवंबर। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण भिवानी, जिला शिक्षा विभाग एवं टीआईटीएस कॉलेज के संयुक्त सहयोग से टीआईटीएस कॉलेज के सभागार में शिक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। वर्कशॉप में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विभिन्न विशेषज्ञ वक्ताओं ने शिक्षकों को बाल संरक्षण, बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीजेएम पवन कुमार ने बताया कि दो दिवसीय वर्कशॉप के प्रथम दिन भिवानी एवं बवानीखेड़ा खंड के शिक्षकों ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण केवल प्रशासन एवं कानून व्यवस्था से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शिक्षकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक बच्चों के सबसे नजदीक रहते हैं और उनके व्यवहार, गतिविधियों तथा समस्याओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में शिक्षकों को बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी होना आवश्यक है।
वर्कशॉप में पैनल अधिवक्ता राजबाला ख्यालिया, डीसीपीओ नरेंद्र, साइबर वेलफेयर को-ऑर्डिनेटर विष्णु सिंह, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य एवं अधिवक्ता धीरज सैनी ने वक्ता के रूप में अपने विचार रखे और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, बाल अधिकारों, बाल शोषण की पहचान तथा ऐसी परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। डिजिटल युग में बच्चों के सामने आने वाले साइबर खतरों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग तथा इंटरनेट पर सुरक्षित व्यवहार के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि बच्चों के हितों की रक्षा, बाल संरक्षण तंत्र, शिक्षकों की कानूनी जिम्मेदारियों तथा जरूरतमंद बच्चों को सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।