
अम्बाला पुलिस की साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई: KYC अपडेट के नाम पर 6.42 लाख रुपये की ठगी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
थाना साइबर क्राइम अम्बाला पुलिस ने यूपी से दबोचे शातिर आरोपी।
एक आरोपी को भेजा जेल, दूसरा पुलिस रिमांड पर,
नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
अम्बाला पुलिस की नागरिकों से अपील: साइबर फ्रॉड होते ही तुरंत 1930 पर दर्ज कराएं शिकायत।
जिला अम्बाला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम अम्बाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैंक खाते का KYC (केवाईसी) अपडेट करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना का पूरा विवरण,
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुनील कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता श्री अश्विनी कुमार, निवासी गाँव कड़ासन, थाना शहजादपुर (जिला अम्बाला) ने 05 मार्च 2025 को थाना साइबर क्राइम अम्बाला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी 2025 से 02 मार्च 2025 के बीच अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें KYC अपडेट करने का फर्जी लिंक भेजा और झांसे में लेकर उनके खाते से 6,42,000/- रुपये उड़ा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी,
थाना साइबर क्राइम प्रभारी उप-निरीक्षक (SI) संदीप कुमार के कुशल नेतृत्व में एएसआई सुनील कुमार और उनकी टीम ने तकनीकी संसाधनों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए अंतरराज्यीय कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश से दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया, जिनकी पहचान कैफ निवासी पलवाड़ागढ़, मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश तथा मोहम्मद उजैक निवासी सराय तरीन चम्ली, थाना हयात नगर, जिला सम्भल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस रिमांड,
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी कैफ को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि आरोपी मोहम्मद उजैक का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड की अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर ठगी गई राशि की बरामदगी करेगी और इस साइबर गिरोह के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगाएगी।
अम्बाला पुलिस आम जनता से सतर्क रहने की अपील करती है,
किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई भी अज्ञात ऐप या लिंक (Link) ओपन न करें।
कोई भी बैंक या वित्तीय संस्थान फोन/मैसेज पर KYC अपडेट या व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते ठगी गई राशि को फ्रीज कराया जा सके। Haryana Police
Uklana, Hissar | Oct 23, 2026