
बलिया के बैरिया तहसील क्षेत्र में बुधवार रात दर्दनाक हादसे में एक संविदा बिजलीकर्मी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मंदिर पर बिजली का केबल जोड़ने का काम कर रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए।
मृतक की पहचान दलछपरा श्रीनगर निवासी अनीस कुमार तिवारी के रूप में हुई है। वह बिजली विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर देहात फीडर पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अनीस अपने पीछे माता-पिता समेत पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद की बात कही।
घटना की सूचना रेवती पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद विद्युत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली संबंधी किसी भी कार्य से पहले निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं और शटडाउन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही घटना की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है।
#ballia #ElectricShock #electrician #contractworker #Revati #ElectricityDepartment #accident #Balliakhabar