
ऑपरेशन प्रहार: केलाखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 किलो गोमांस के साथ एक गिरफ्तार
गोवंश स्क्वाड कुमाऊं और केलाखेड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; कुल्हाड़ी, छुरी और लकड़ी का गुटका भी बरामद
केलाखेड़ा/ऊधम सिंह नगर।
ऊधम सिंह नगर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत थाना केलाखेड़ा पुलिस और गोवंश स्क्वाड टीम कुमाऊं को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 60 किलोग्राम गोमांस तथा काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फईम पुत्र हाफिज, निवासी वार्ड नंबर 08, रत्नामड़ैया, थाना केलाखेड़ा, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 किलोग्राम गोमांस, एक कुल्हाड़ी, एक छुरी और एक लकड़ी का गुटका बरामद किया है।
न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया गया।
आपराधिक इतिहास की जांच जारी
प्रेस नोट के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने विरुद्ध पूर्व में तीन से चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस द्वारा जनपद पुलिस रिकॉर्ड, डीसीआरबी और एससीआरबी के माध्यम से उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरीश महर, हेड कांस्टेबल फरीद और हेड कांस्टेबल शंकर बिष्ट शामिल रहे। वहीं, गोवंश स्क्वाड कुमाऊं की ओर से उपनिरीक्षक पंकज बेलवाल (प्रभारी), कांस्टेबल संजीव कुमार और राजेश गिरी ने कार्रवाई में भाग लिया।
रिपोर्टर — रक्षपाल सिंह
R News Uttarakhand — आपकी आवाज़, आपकी खबर