
*पुलिस चौकी दरियापुर की कार्रवाई, रास्ता रोककर युवक का अपहरण व मारपीट करने के मामले में दो आरोपी काबू*
फतेहाबाद, 27 अगस्त । अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आपराधिक वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस चौकी दरियापुर की टीम ने गांव गिलांखेड़ा निवासी युवक का रास्ता रोककर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने तथा उसके साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी *अनुराग उर्फ अनु पुत्र राजेन्द्र निवासी नजदीक आकाश अकेडमी भट्टु कलां* को काबु कर नियमानुसार कार्यवाही अमल मे लाई जायेगी व *राजकुमार उर्फ भीम पुत्र बन्शीधर निवासी गिलांखेड़ा* को काबू कर माननीय न्यायालय मे पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस चौकी दरियापुर प्रभारी ने बताया कि गांव गिलांखेड़ा निवासी एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 18 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे वह अपने खेत से घर की तरफ जा रहा था। जब वह रजवाहा क्षेत्र के पास पहुंचा तो सामने से आई गाड़ी उसके सामने लगाकर उसका रास्ता रोक लिया गया।
शिकायत के अनुसार गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। तीनों ने युवक को जबरदस्ती पकड़कर गाड़ी की पिछली सीट पर बैठा लिया और उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन लेकर मोबाइल एवं ऑनलाइन भुगतान एप का पासवर्ड पूछा तथा उसके बैंक खातों में मौजूद राशि भी चेक की। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी करीब एक घंटे तक उसे गाड़ी में इधर-उधर घुमाते रहे। इसके बाद उसे बोदीवाली से मेहुवाला रोड पर खेतों में ले जाकर उसके हाथ बांधकर छोड़ दिया तथा उसका मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त अवस्था में उसकी जेब में डालकर मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में मुकदमा नम्बर 333 दिनांक 19.08.2026 धारा 115(2), 126(2), 324(2), 140(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मामले में आरोपी अनुराग व राजकुमार को काबू कर लिया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।