
बिजली विभाग ने किया विशेष मेंटेनेंस, निर्बाध आपूर्ति की जगी उम्मीद
बीहट संवाददाता मुकेश कुमार।
बरसात के मौसम में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा बार-बार होने वाले फीडर ब्रेकडाउन की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को बिजली विभाग की ओर से विशेष मेंटेनेंस अभियान चलाया गया। इस दौरान देवना फीडर और रेलवे फीडर पर आवश्यक रखरखाव के साथ-साथ बिजली तारों के आसपास उगी झाड़ियों एवं पेड़ों की डालियों की कटाई-छंटाई की गई।
बरौनी ग्रामीण के जेई मुन्ना कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में पेड़ों की डालियां बिजली के तारों पर गिरने के कारण फीडर ब्रेकडाउन की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा देवना एवं रेलवे फीडर पर विशेष मेंटेनेंस कार्य कराया गया।
उन्होंने बताया कि मेंटेनेंस का मुख्य उद्देश्य बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर और निर्बाध बनाए रखना है, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाले बिजली व्यवधान से राहत मिल सके। विभाग की ओर से संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव का कार्य भी किया जा रहा है।
मेंटेनेंस अभियान के दौरान लाइनमैन दुबे कुमार, अमित कुमार, नीरज कुमार, रामकुमार और चंदन कुमार सहित अन्य विभागीय कर्मी मौके पर मौजूद रहे और निर्धारित कार्यों को पूरा करने में जुटे रहे। विभाग को उम्मीद है कि मेंटेनेंस के बाद संबंधित फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में सुधार मिलेगा।