
शहडोल के अपूर्व द्विवेदी का बड़ा कमाल, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मध्यप्रदेश की टीम में मिली जगह
शहडोल। जिले के क्रिकेट खिलाड़ी अपूर्व द्विवेदी ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश की 15 सदस्यीय क्रिकेट टीम में किया गया है। इस चयन के साथ ही अपूर्व को प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और बड़ा अवसर मिला है।
14 नवंबर से शुरू होने वाली इस प्रतिष्ठित घरेलू टी-20 प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम की कमान रजत पाटीदार को सौंपी गई है। वहीं विकेटकीपर की जिम्मेदारी के लिए हर्ष गावली के साथ अपूर्व द्विवेदी को भी टीम में शामिल किया गया है।
मध्यप्रदेश को एलीट ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम अपने शुरुआती चार मुकाबले न्यू चंडीगढ़ में खेलेगी, जबकि अगले तीन मैच मोहाली में होंगे। मध्यप्रदेश का पहला मुकाबला 14 नवंबर को केरल से होगा। इसके बाद टीम 16 नवंबर को असम, 18 नवंबर को त्रिपुरा और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश से भिड़ेगी। वहीं 22 नवंबर को महाराष्ट्र, 24 नवंबर को हिमाचल प्रदेश और 26 नवंबर को पुडुचेरी के खिलाफ मुकाबला होगा।
15 सदस्यीय टीम में रजत पाटीदार और आवेश खान जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के साथ अपूर्व द्विवेदी को जगह मिलना शहडोल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी उत्साह की खबर है।
अपूर्व की इस उपलब्धि से जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
#ApoorvDwivedi #Shahdol #MadhyaPradeshCricket #SyedMushtaqAliTrophy #BSP24News