
27 अगस्त को NIFT Panchkula में होगा खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम
रेणु देवी कार्यक्रम सहायिका ने पंचकूला स्थित सेक्टर-31 मेरा युवा भारत कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माई भारत), पंचकूला द्वारा “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर फैशन टेक्नोलॉजी में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में देशभर के युवाओं से जुड़कर संवाद करेंगे। देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में युवा प्रधानमंत्री के संबोधन सुनेंगे।
उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया संवाद के अंतर्गत युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान युवा खिलाड़ियों के अनुभव, खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा देश में पिछले वर्षों में विकसित हुए खेल पारिस्थितिकी तंत्र एवं खेल अधोसंरचना से संबंधित विषयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में श्री राव इंद्रजीत सांसद मुख्यातिथि के रूप में व श्रीमती रेखा शर्मा, राज्यसभा सांसद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मेरा युवा भारत विभाग के उपनिदेशक सुश्री सुरमयी शर्मा ने 27 अगस्त को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। युवा संवाद के दौरान खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं के विचार एवं सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हाॅकी के महान खिलाड़ी व देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष मनाया जाता है। इस वर्ष देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा प्रतिभागियों, खेल विकास और राष्ट्र इमारत के तौर पर भव्य रूप में 27 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि युवा अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा कर सकते हैं। युवाओं के सुझावों को कार्यक्रम के उद्देश्यों से जोड़ते हुए उनकी सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को वीबीवाईएलडी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसमें मेरा युवा भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक एवं स्थानीय युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia