
गन थाने में जमा कराने निकले रिटायर्ड टीचर को रोडवेज ने कुचला, मौके पर मौत
ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक को लिया चपेट में; मौत के बाद मॉर्च्युरी के बाहर हंगामा, 50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
भीलवाड़ा ( महेंद्र नागोरी) चुनावी आचार संहिता के चलते अपनी लाइसेंसी गन थाने में जमा कराने सहाड़ा से गंगापुर जा रहे रिटायर्ड शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार को गंगापुर थाना क्षेत्र में NH-758 पर ट्रक को ओवरटेक कर रही रोडवेज बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार सहाड़ा निवासी रिटायर्ड शिक्षक सलीम मोहम्मद (67) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गंगापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस से गंगापुर सेटेलाइट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बूंदी डिपो की रोडवेज बस को जब्त कर लिया गया है।
मौत की खबर से भड़का आक्रोश
सलीम मोहम्मद की मौत की सूचना मिलते ही परिजन, समाज के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल व मॉर्च्युरी के बाहर जमा हो गए। लोगों ने बस चालक पर लापरवाही और तेज रफ्तार का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए। माहौल को देखते हुए SDM विवेक गुर्जर पुलिस अधिकारियों के साथ मॉर्च्युरी पहुंचे और परिजनों व समाज के लोगों से बातचीत की।
अधिकारियों की समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और बस चालक की लापरवाही की जांच में जुटी है।