
सेवा संकल्प अभियान 2026: सेवा की कहानी
जैविक खाद उत्पादन से युवा किसान लक्ष्य चौहान ने बनाई नई पहचान, 3 से 4 महीने में 10 टन वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 'कहानी सेवा की' श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं, सागर जिले के खुरई विकासखंड के ग्राम समरेसी निवासी युवा किसान लक्ष्य चौहान की, जिन्होंने उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और शासकीय योजना के सहयोग से जैविक खाद उत्पादन के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। लक्ष्य चौहान ने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर जैविक खाद उत्पादन को आजीविका का नया माध्यम बनाया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए एचडीपीई वर्मीबेड की सहायता से वर्मी कंपोस्ट उत्पादन की शुरुआत की। उद्यानिकी विभाग के अधिकारी श्री आर.एस. कुर्मी ने उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। निरंतर मार्गदर्शन और वैज्ञानिक तकनीक के उपयोग से लक्ष्य चौहान मात्र 3 से 4 महीने में लगभग 10 टन उच्च गुणवत्ता वाली वर्मी कंपोस्ट खाद का उत्पादन कर रहे हैं। वे केंचुओं के उचित रखरखाव, नमी प्रबंधन, बेड में तापमान संतुलन और गुणवत्तापूर्ण खाद तैयार करने की तकनीकों का पालन करते हैं।
स्थानीय किसानों से लेकर गुजरात तक पहुंची जैविक खाद की मांग - लक्ष्य चौहान उत्पादित खाद की आपूर्ति स्थानीय जैविक खेती करने वाले किसानों को करते हैं। खाद की गुणवत्ता और संतुलित पोषक तत्वों के कारण मध्यप्रदेश के साथ-साथ गुजरात में भी इसकी मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है। इससे उन्हें बाजार का विस्तार करने और जैविक खाद उत्पादन को व्यावसायिक रूप देने का अवसर मिला है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा - लक्ष्य चौहान की सफलता बताती है कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शासकीय योजनाओं का सही उपयोग कर स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उनका प्रयास क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं को भी जैविक खेती तथा वर्मी कंपोस्ट उत्पादन अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
#jansamparkMP #sagar