मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से की चर्चा
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में आज अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री रावत ने उपस्थित प्रतिनिधियों को जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 035-बीना, 036-खुरई, 037-सुरखी, 038-देवरी, 039-रहली, 040-नरयावली एवं 042-बण्डा में किसी भी मतदान केन्द्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं हैं। इस कारण इन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण की आवश्यकता नहीं होने से कोई संशोधन प्रस्तावित नहीं है।
विधानसभा क्षेत्र 041-सागर के 33 मतदान केन्द्रों के भवन क्षतिग्रस्त एवं जीर्ण-शीर्ण होने के कारण भवन परिवर्तन के प्रस्तावों पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। अपर कलेक्टर ने उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रस्तावों के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही पर सहमति व्यक्त की। अनुमोदित मतदान केन्द्रों की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के श्री रामेश्वर नामदेव, भारतीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के श्री रामचरण लम्बरदार, कांग्रेस कमेटी के श्री शैलेन्द्र तोमर, आम आदमी पार्टी के इंजीनियर डी.के. सिंह तथा बहुजन समाज पार्टी के श्री एस.पी. चौधरी उपस्थित रहे।
Sagar #VoterRegistration #MPVoterList #ECI #CEO_MadhyaPradesh #NewVoter #VoterIDCard #ECINetApp #YouthVoters #MadhyaPradesh #ECI