दीपावली पर बुजुर्ग ने मंत्री को सुनाई खरी-खरी, बोले- चंदला में विकास शून्य
छतरपुर। दीपावली पर चंदला विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री दिलीप अहिरवार को नगर भ्रमण के दौरान एक बुजुर्ग दुकानदार ने क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर खरी-खरी सुना दी। बजरिया क्षेत्र में हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मंत्री जब भाजपा के पुराने कार्यकर्ता एवं स्वर्णकार नारायण सोनी की दुकान पर पहुंचे और उनसे आदेश करने को कहा, तो बुजुर्ग ने कहा कि चंदला में एक रुपए का विकास नहीं हुआ। नगर पालिका में विकास कार्य शून्य हैं और आज तक पुलिस चौकी तक नहीं बन पाई।
इस पर मंत्री ने सफाई देते हुए सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, पार्क और ऑडिटोरियम निर्माण जैसे कार्यों का हवाला दिया। बुजुर्ग ने उन्हें चापलूसों की भीड़ से दूर रहकर जनहित के काम करने की नसीहत दी।
पुलिस चौकी की मांग पर मंत्री ने प्रयास करने का आश्वासन दिया। अंत में मंत्री ने बुजुर्ग के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।