
आजीविका भवन में कुक-कम-हेल्पर प्रतियोगिता संपन्न, 38 समूहों ने लिया भाग
संदीपनी स्कूल की लक्ष्मीबाई रहीं प्रथम
मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता में सुधार एवं रसोइयों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आजीविका भवन, सुसनेर में जनपद स्तरीय कुक-कम-हेल्पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह ढोकले ने की।
प्रतियोगिता में 38 समूहों की रसोइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए तथा अपनी पाक-कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन एमडीएम प्रभारी श्री संतोष भेनिया द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में संदीपनी स्कूल की लक्ष्मीबाई ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5,000 का पुरस्कार हासिल किया। राम समूह की मीरा बाई द्वितीय तथा बजरंग समूह की हिना बाई तृतीय स्थान पर रहीं, जिन्हें ₹3,000-₹3,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
सांत्वना पुरस्कार के रूप में राजू बाई, संगीता बाई एवं मांगी बाई को ₹2,000-₹2,000 तथा उषा बाई, भगवती बाई एवं सुमन बाई को ₹1,000-₹1,000 की राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री राजपाल सिंह कलारिया, डॉ. सौरभ जैन, श्री लखन सेन, विकासखंड समन्वयक श्री राधेश्याम पाटीदार, बीएसी श्री विजय जैन, श्री मुकेश पालीवाल, एमआरसी श्री ओमप्रकाश पाटीदार, श्रीमती तरुणा कानूड़िया, श्रीमती हेमलता जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जनशिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं रसोइयों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यालयों में परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
#agarmalwa
#आगरमालवा