
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG जांच की सुविधा, सदर अस्पताल से PHC तक उपलब्ध सेवा
बेगूसराय। जिले में आम लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले के सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्तर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ECG (Electrocardiogram) जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां मरीजों की निःशुल्क ECG जांच के साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से उच्च तकनीकी रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी की गई है।
ECG जांच के जरिए हृदय की विद्युत गतिविधियों और उसकी कार्यप्रणाली का आकलन किया जाता है। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, हृदय की धड़कन में अनियमितता, चक्कर आने सहित हृदय से जुड़े अन्य लक्षणों वाले मरीजों के लिए यह जांच चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है। समय पर ECG जांच होने से हृदय संबंधी संभावित समस्याओं की पहचान करने तथा मरीज के आगे के उपचार की दिशा तय करने में चिकित्सकों को सहायता मिलती है।
जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को सामान्य जांच के लिए बड़े अस्पतालों अथवा निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भरता कम होगी। इससे मरीजों के समय के साथ उपचार पर होने वाले आर्थिक खर्च में भी कमी आएगी।
खासकर ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से उन्हें इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि हृदय संबंधी किसी भी प्रकार के लक्षण अथवा चिकित्सकीय आवश्यकता महसूस होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें और उपलब्ध निःशुल्क ECG जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।