
गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार को लेकर सभी प्रखंडों में चलेगा व्यापक जागरूकता अभियान
🔹♦️🔹♦️🔹♦️🔹♦️🔹♦️🔹♦️
जिले में गैर-संचारी रोग (Non-Communicable Diseases-NCD) की जांच, उपचार एवं बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इसी क्रम में आज उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती एवं सिविल सर्जन सीतामढ़ी डॉ आर के यादव ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया।
अभियान के तहत जागरूकता वाहन विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति सजग करेगा तथा समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित करेगा। अभियान के दौरान लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारी की समय पर पहचान तथा चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
गैर-संचारी रोगों में मुख्य रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग तथा विभिन्न प्रकार के कैंसर जैसी बीमारियां शामिल हैं। इन रोगों की समय पर पहचान और नियमित उपचार से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाव संभव है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती ने कहा कि गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ-साथ समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के और करीब लाना तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। सभी प्रखंडों में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जांच एवं उपचार की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।”
अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
(अपील)
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की अनदेखी न करें तथा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।
मौके पर सिविल सर्जन सीतामढ़ी, डीपीएम स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Bihar Health Department