जन चौपाल में संजय चौधरी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, आधे से अधिक का मौके पर निस्तारण; सड़क-नाला निर्माण पर फूलमालाओं से हुआ भव्य स्वागत
बस्ती। रुधौली क्षेत्र के बसडिलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। चौपाल में प्राप्त शिकायतों में आधे से अधिक समस्याओं का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य कराए जाने को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन कर आभार जताया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
जन चौपाल के दौरान संजय चौधरी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। ग्रामीणों को पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
संजय चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। जन चौपाल का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और प्रशासन को सीधे जनता के बीच पहुंचाना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए भी प्रभावी पहल की जाएगी।
जन चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखने के साथ ही मौके पर हुए त्वरित निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया। वहीं सड़क एवं नाला निर्माण कार्य को लेकर किए गए स्वागत-अभिनंदन ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
Basti, Basti | Nov 12, 2026