
#मतदान_के_अंतिम_आंकड़े_हुए_जारी..
भरतपुर। जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के अंतिम आंकड़े जारी कर दिए गए हैं, जिसके तहत जिले की तीन नगरीय निकायों भरतपुर नगर निगम, रूपवास नगर पालिका और भुसावर नगर पालिका में कुल 75.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, तीनों निकायों के कुल 115 वार्डों और 251 मतदान केंद्रों पर पंजीकृत 2,38,052 मतदाताओं में से 1,78,724 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। डीईओ चौधरी के अनुसार, भरतपुर नगर निगम में कुल 65 वार्ड, 201 मतदान केंद्र एवं कुल 2,11,359 मतदाता है। इनमें से कुल 1,55,724 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 82,020 पुरुष, 73,699 महिला एवं 5 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार नगर निगम भरतपुर में कुल 73.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। रूपवास नगर पालिका में 25 वार्ड, 25 मतदान केन्द्र एवं कुल 11,893 मतदाता हैं। इनमें से कुल 10,550 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 5,564 पुरुष एवं 4,985 महिला मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार रूपवास में कुल मतदान प्रतिशत 88.71 प्रतिशत रहा। भुसावर नगर पालिका में 25 वार्ड, 25 मतदान केन्द्र एवं कुल 14,800 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से कुल 12,450 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 6,598 पुरुष एवं 5,852 महिला मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार भुसावर में कुल मतदान प्रतिशत 84.12 प्रतिशत रहा। रिपोर्ट के अनुसार भरतपुर निगम में 74.28% पुरुष और 73.03% महिलाओं, रूपवास में 88.84% पुरुष और 88.56% महिलाओं, तथा भुसावर में 83.90% पुरुष व 84.37% महिला मतदाताओं ने वोट डाले। नगर निकाय चुनाव में कुल 26 दृष्टिबाधित मतदाताओं ने मतदान किया, जिसमें भरतपुर नगर निगम में 24 और रूपवास नगरपालिका में 2 दृष्टिबाधित मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। भुसावर में इस श्रेणी में कोई मतदान दर्ज नहीं हुआ। इसके अलावा कुल 79 दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें भरतपुर नगर निगम में 61, रूपवास नगपालिका में 11, भुसावर में 7 दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया।