
मुरैना में मनाया गया “हीट एक्शन डे”
लू एवं भीषण गर्मी से बचाव के दिए आवश्यक निर्देश
राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थय कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जिला मुख्यालय मुरैना में “हीट एक्शन डे” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय ने की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते तापमान, भीषण गर्मी एवं लू (हीट वेव) के दुष्प्रभावों से आमजन को सुरक्षित रखने तथा स्वास्थय विभाग की तैयारियों की समीक्षा करना था।
सीएमएचओ डॉ. पदमेश उपाध्याय ने कहा कि जिले में लगातार तापमान में वृद्धि हो रही है, जिससे जनस्वास्थय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में हीट स्ट्रोक के मामलों से निपटने के लिए स्वास्थय विभाग एवं जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य संवेदनशील वर्गों को भीषण गर्मी से सुरक्षित रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थय केंद्र, सामुदायिक स्वास्थय केंद्र एवं जिला चिकित्सालय में लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष बेड आरक्षित किए जाएं। अस्पतालों में कूलर, पंखे एवं शीतल पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी स्वास्थय संस्थाओं में ओआरएस पैकेट, जीवन रक्षक दवाइयों एवं आईवी फ्लूड्स की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं अन्य मैदानी स्वास्थय कर्मी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को लू से बचाव के उपायों की जानकारी दें।
आमजन के लिए स्वास्थय सलाह
क्या करें
पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, छाछ एवं नींबू पानी का सेवन करें। बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछे, सूती कपड़े या छाते से ढककर रखें। हल्के रंग के, ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें। धूप में निकलने से पहले पर्याप्त भोजन एवं पानी का सेवन करें।
क्या न करें
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।
अत्यधिक चाय, कॉफी एवं कैफीन युक्त पेय पदार्थों का सेवन न करें। बच्चों, बुजुर्गों एवं पालतू पशुओं को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। तेज धूप में अत्यधिक शारीरिक श्रम करने से बचें।
लू के प्रमुख लक्षण
तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी होना, त्वचा का लाल एवं शुष्क होना तथा अत्यधिक थकावट महसूस होना लू के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम शासकीय स्वास्थय संस्थान में संपर्क कर निःशुल्क उपचार प्राप्त करें।
कार्यक्रम में डीआईओ डॉ. अजय गोयल, डीएचओ डॉ. संध्या मौर्य, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. महेन्द्र यादव सहित स्वास्थय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh