
9.11 लाख की सीसी सड़क निर्माण पर सवाल, गुणवत्ता में अनियमितता के आरोप
मडदेवरा में तिगड्डा से तालाब तक बन रही सड़क में नीचे की परत में सिर्फ गिट्टी बिछाने का आरोप, जांच टीम भेजी गई
नोट: इस समाचार के साथ फोटो 14 लगाएं।
बकस्वाहा। जनपद पंचायत बकस्वाहा अंतर्गत ग्राम मडदेवरा में 9 लाख 11 हजार रुपये की लागत से बन रही सीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। तिगड्डा से तालाब तक निर्माणाधीन सड़क में निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
ग्रामीणों द्वारा सामने लाए गए वीडियो में सड़क की निचली परत में केवल सूखी गिट्टी बिछाने का आरोप लगाया गया है। वहीं निर्माण में इस्तेमाल हो रही रेत में मिट्टी की अधिक मात्रा होने की बात भी कही गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि जांच के समय अच्छी रेत दिखाकर अधिकारियों को गुमराह किया जा सकता है।
ग्रामीणों ने सड़क की मोटाई, सामग्री के अनुपात और निर्माण प्रक्रिया की निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की बात कही है।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल: इंजीनियर महेंद्र सोनी की निगरानी में हुए अन्य निर्माण कार्यों को लेकर भी पूर्व में सवाल उठे हैं। दरदोनिया के सामुदायिक भवन निर्माण में भी अनियमितताओं के आरोप लगे थे।
इनका कहना है: जनपद सीईओ लक्ष्मी नारायण रावत ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच टीम मौके पर भेजी गई है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।