
गौशाला संचालन समितियों की बैठक संपन्न, लापरवाही पर सख्त निर्देश
बकस्वाहा। जनपद पंचायत बकस्वाहा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में संचालित गौशालाओं के बेहतर एवं सुचारू संचालन को लेकर गौशाला संचालनकर्ता समूहों की बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लक्ष्मी नारायण रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सीईओ रावत ने गौ सेवा एवं गौशाला संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी संचालक समूहों को दी। साथ ही गौशाला से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण करने और शासन से प्राप्त राशि का नियमानुसार सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गौशालाओं पर विशेष निगरानी
सीईओ लक्ष्मी नारायण रावत द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद से लगातार क्षेत्र की गौशालाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित पंचायत कर्मचारियों एवं संचालनकर्ता समूहों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए हैं। सभी गौशालाओं में सुरक्षा एवं निगरानी के लिए कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए।