
टैंकर की टंकी में छिपाकर ले जा रहे थे 2.54 क्विंटल गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार
मोहनगंज पुलिस की कार्रवाई में स्कॉर्पियो से 20 किलो और टैंकर से 234 किलो गांजा बरामद, तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहन सीज
अमेठी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत मोहनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2 क्विंटल 54 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार, एक टैंकर और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 21 नवंबर को मोहनगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टैंकर में गांजा लादकर ले जाया जा रहा है। टैंकर के आगे स्कॉर्पियो और पीछे मोटरसाइकिल व फोर्ड फिगो कार चल रही है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जगदीशपुर की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो और उसके पीछे चल रहे टैंकर को रोक लिया।
इस दौरान फोर्ड फिगो कार चालक वाहन पीछे मोड़कर फरार हो गया, जबकि मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति बाइक छोड़कर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र की मौजूदगी में वाहनों की तलाशी ली गई। स्कॉर्पियो से 20 किलोग्राम तथा टैंकर की टंकी से 234 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक विमल सिंह उर्फ विमलेश सिंह (35) और टैंकर चालक अमर सिंह उर्फ बबलू सिंह (45), दोनों निवासी दुसौती थाना चंदापुर जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में साझेदारी कर रुपये लगाते थे और ओडिशा से गांजा खरीदकर ला रहे थे। उन्होंने फरार मोटरसाइकिल सवारों की पहचान अजय सिंह और अनिकेत तथा फोर्ड फिगो चालक की पहचान रिषभ सिंह के रूप में बताई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मामले में थाना मोहनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 372/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया है। बरामद वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार तथा कांस्टेबल अंकित पाण्डेय, अविनाश और गोविन्द शुक्ला शामिल रहे।
Amethi Police Agn News Express UP Mohd Musslim
Amethi, Amethi | Nov 21, 2026