
बांदा में मोहर्रम की सातवीं पर निकला मातमी जुलूस, लंगर और मेलों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा के रहे कड़े इंतज़ाम
बांदा शहर में मोहर्रम की सातवीं तारीख पर बुधवार को अकीदत और गम का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों से मातमी जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में अज़ादार शामिल हुए। जुलूस के दौरान या हुसैन की सदाओं के बीच लोगों ने मातम कर कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोहर्रम के अवसर पर शहर के कई स्थानों पर लंगर का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों और अज़ादारों के लिए शर्बत और ठंडे पानी का वितरण भी किया गया। लोगों ने बढ़-चढ़कर लंगर में अपनी सेवाएं दीं।
वहीं, मोहर्रम के मेलों में भी अच्छी-खासी रौनक रही। ज़िला परिषद, जामा मस्जिद रोड और गूलर नाका सहित प्रमुख स्थानों पर देर रात तक खचाखच भीड़ रही। बच्चों और परिवारों ने मेलों का आनंद लिया तथा विभिन्न दुकानों पर जमकर खरीदारी की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। शहर कोतवाल स्वयं लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, जबकि सभी थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की मौजूदगी के चलते मोहर्रम का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
UP 90 Creator
#Banda #Muharram #Moharram2026 #UttarPradesh
Banda, Banda | Jun 24, 2026