
नेहा झा शराब तस्करी मामले में बड़ा अपडेट, रेल एसपी ने बताई अहम बात; जांच के लिए SIT गठित
समस्तीपुर। शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार नेहा झा के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी मुजफ्फरपुर वीणा कुमारी ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। SIT का नेतृत्व समस्तीपुर रेल डीएसपी करेंगे।
पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने नेहा झा और उसके जीजा ईशान को शराब तस्करी के आरोप में पकड़ा था। तलाशी के दौरान नेहा के दो सूटकेस से करीब 75 लीटर शराब बरामद होने की बात सामने आई थी।
मामले के दौरान नेहा झा का पुलिस से बहस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद वह चर्चा में आ गईं।
मोबाइल फोन की भी होगी जांच
अब गठित SIT मामले की गहराई से जांच करेगी। टीम नेहा झा और ईशान के मोबाइल फोन को खंगालेगी। इसके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, किसे पहुंचाई जानी थी और कथित तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच टीम यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि दोनों का इस मामले से संबंध कब से था और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों से उनका किस तरह संपर्क था।
परिवार के सदस्यों के संबंध में भी जांच
रेल पुलिस की जांच में नेहा झा के परिवार के कुछ सदस्यों के पूर्व में शराब तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। ऐसे में SIT इस पहलू की भी जांच कर सकती है।
फिलहाल रेल पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। SIT की जांच के बाद ही मामले में कथित शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।