
संपूर्ण समाधान दिवस में 96 शिकायतें प्राप्त, 10 का मौके पर निस्तारण
**फरियादियों को वास्तविक राहत देने के निर्देश, लापरवाही और देरी पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही**
**अमेठी।** जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार, 21 नवंबर को तहसील मुसाफिरखाना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक टी सर्वणन टी ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद की चारों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 96 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस के बाद अधिकारियों ने तहसील परिसर में लगाए गए विभिन्न सहायता एवं जनकल्याणकारी शिविरों का निरीक्षण किया। इनमें विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027, स्वगणना सहायता केंद्र, पेंशन, विद्युत बिल संशोधन, स्वास्थ्य परीक्षण, मिशन शक्ति एवं अंश सुधार संबंधी कैंप शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने तथा आवेदकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जनपद के सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Government of UP DM Amethi Amethi Police
Amethi, Amethi | Nov 21, 2026