
चांजू परियोजना में छठे दिन भी हड़ताल जारी, कामकाज ठप
स्थानीय युवाओं को रोजगार और हटाए गए कर्मचारियों की बहाली की मांग पर अड़े कामगार, प्रधान-उपप्रधान भी समर्थन में उतरे
तीसा। एसीएनसी की 48 मेगावाट चांजू जलविद्युत परियोजना के पैकेज-2 में कामगारों की हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही। कंपनी प्रबंधन और कामगारों के बीच मांगों पर सहमति नहीं बन पाई है, जिससे परियोजना का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा है।
कामगारों का आरोप है कि प्रबंधन स्थानीय कर्मचारियों को पर्याप्त काम देने के बजाय परियोजना के कार्य छोटे ठेकेदारों को सौंप रहा है। इससे लंबे समय से सेवाएं दे रहे स्थानीय कामगारों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।
कामगारों की मुख्य मांगें हैं कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए और पहले हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखा जाए।
वहीं, प्रबंधन की ओर से जारी ‘नो वर्क, नो पे’ नोटिस पर भी कामगारों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जब प्रबंधन ही काम उपलब्ध नहीं करवा रहा और काम ठेकेदारों से करवाया जा रहा है, तो इसका दोष कामगारों पर डालना उचित नहीं है।
कामगारों ने 6 नवंबर को मानव संसाधन विभाग को लिखित पत्र सौंपकर अपनी मांगें रखी थीं। आंदोलन को ग्राम पंचायत चांजू के प्रधान और उपप्रधान का भी समर्थन मिला है। दोनों प्रतिनिधियों ने कामगारों के समर्थन वाले पत्र पर हस्ताक्षर कर पंचायत की मुहर भी लगाई है। हड़ताल जारी रहने से परियोजना में कामकाज ठप है। अब सबकी निगाहें कंपनी प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं।
Chamba, Chamba | Nov 10, 2026