
नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पति-पत्नी समेत पांच गिरफ्तार
शाहजहांपुर। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और सदर बाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली करेंसी छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक सदस्य फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बरेली और तीन हरदोई जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,01,500 रुपये की कूटरचित करेंसी, 37,500 रुपये की असली नकदी, पांच मोबाइल फोन और एक प्रिंटर बरामद किया है।पुलिस पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि उसकी बहन की शादी हरदोई के पिहानी कस्बे में हुई है। वहीं उसकी मुलाकात मुकर्रम उर्फ ठाकुर से हुई थी। मुकर्रम ने उसे इमरान नाम के व्यक्ति के बारे में बताया, जो 35 हजार रुपये के बदले 50 हजार रुपये की नकली करेंसी देने का झांसा देता था। आरोपी ने दो नवंबर को दिल्ली के सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास इमरान से मुलाकात कर 35 हजार रुपये दिए थे। इसके बदले मिली नोटों की गड्डी नकली निकली, जिस पर मनोरंजन बैंक लिखा था।इसके बाद इमरान ने पिहानी बुलाकर नकली नोट छापने की योजना बताई। गिरोह ने प्रिंटर और कागज की व्यवस्था कर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नकली नोट छापने शुरू कर दिए। आरोपी अपनी पत्नी को भी इस काम में शामिल कर बाजार में छुटपुट नोट चलवाता था। बरेली और शाहजहांपुर समेत अलग-अलग स्थानों पर नकली करेंसी खपाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।