
अनूपपुर: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अनूपपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनपुर के खाल्हेटोला में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पति ने विवाद के दौरान पत्नी के साथ लाठी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की है। मृतका रिन्की बैगा और उसके पति रामभुवन बैगा के बीच घर छोड़कर चले जाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आए रामभुवन ने चूल्हे के पास रखी जलाऊ लकड़ी (लाठी) से पत्नी के साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण रिन्की बैगा की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी अनूपपुर और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया और घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी को भी जब्त किया गया।
#Anuppur #AnuppurNews #AnuppurPolice #BSP24News
पुलिस ने आरोपी रामभुवन बैगा (25 वर्ष), पिता समय लाल बैगा, निवासी लखनपुर खाल्हेटोला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 593/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी अनूपपुर के नेतृत्व में कोतवाली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।