
🚨फेसबुक पर संपर्क से शुरू हुआ विवाद, महिला अधिकारी को परेशान करने के आरोप में उपनल कर्मचारी पर केस
देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में एक महिला अनुभाग अधिकारी को कथित तौर पर परेशान करने और उनके साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी उपनल कर्मचारी की सचिवालय परिसर में पिटाई के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सचिवालय प्रशासन की ओर से आरोपी को हटाने और उसकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है।
मामला आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, सहकारिता विभाग में सचिव कार्यालय से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पंकज सिंह पिछले कई दिनों से महिला अधिकारी को परेशान कर रहा था।
फेसबुक पर संपर्क के बाद फोन कॉल करने का आरोप
महिला अधिकारी ने सचिवालय प्रशासन को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने पहले फेसबुक के माध्यम से उनसे संपर्क करने का प्रयास किया। परेशान होकर उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया, लेकिन इसके बाद आरोपी उनके मोबाइल नंबर पर लगातार फोन करने लगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, नंबर ब्लॉक किए जाने के बावजूद आरोपी ने उन्हें परेशान करना बंद नहीं किया।
आरोप है कि 16 अक्टूबर को आरोपी नशे की हालत में महिला अधिकारी के कार्यालय पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, गाली-गलौज की और धमकी दी। विरोध करने पर उसने वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों के साथ भी बदतमीजी की।
महिला अधिकारी ने शिकायत में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि वह दोपहिया वाहन से सचिवालय आती-जाती हैं और लगातार पीछा किए जाने के कारण उन्हें खतरा महसूस हो रहा है।
एटीएम चौक पर कर्मचारियों ने की पिटाई
बुधवार को इस मामले को लेकर सचिवालय परिसर के एटीएम चौक पर हंगामा हो गया। सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शहर कोतवाली में चार धाराओं में केस दर्ज
महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पंकज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।